बड़ी खबरें
Trending

जिला स्तरीय अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता का समापन : 250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

Vishal Choyal

1 hour ago 69 views
250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

खरगोन। 18 सितंबर 2026। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ बिस्टान रोड स्थित देवी रुक्मणी स्कूल, खरगोन में हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर के 250 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं देवी रुक्मणी स्कूल की डायरेक्टर शालिनी रतोरिया ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली और स्वस्थ मन-मस्तिष्क के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। खेल केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाते, बल्कि अनुशासन, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों में अडिग रहने की प्रेरणा भी देते हैं। विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में खेलों को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।

जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह राठौर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत खेल के दो पहलू हैं, लेकिन मैदान पर अनुशासन के साथ जुझारूपन और खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पढ़ाई के साथ खेल, विज्ञान, कला, नृत्य एवं वादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

खरगोन में जिला स्तरीय अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर सहायक संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग शैलेंद्र कुमार कानुड़े ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा था कि सफलता की कुंजी खेल भावना और टीमवर्क में छिपी है। एक टीम के रूप में एक-दूसरे का सहयोग करते हुए खेलने से जीत की राह आसान होती है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए टीम भावना आवश्यक है।

खेल एवं युवक कल्याण जिला अधिकारी पवि दुबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मैदान में सीखी गई अनुशासित बातें जीवनभर उपयोगी होती हैं। वर्तमान समय में खेलों में बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर प्राचार्य शुभांगी बेहरे, क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा, खेल प्रशिक्षक डीएस चौहान, जगदीश मुवेल, खेल समन्वयक जितेंद्र हिरवे, सचिन मोरे, कोच इकबाल खान,अनिल पाण्डेय, ऋतिक बिल्लौरे, हिमांशु चौहान, कबड्डी संघ सचिव विशाल जाट, वैभव नरगावे सहित विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

11
पेज 1 / 2