बड़ी खबरें
Trending

93 दुग्ध उत्पादक किसानों को स्वच्छ : दुग्ध उत्पादन का प्रशिक्षण

Vishal Choyal

1 hour ago 48 views
दुग्ध उत्पादन का प्रशिक्षण

मंडलेश्वर/खरगोन, 16 सितंबर 2026। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इंदौर द्वारा जिला संघ खरगोन के माध्यम से राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम योजनांतर्गत दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए ‘स्वच्छ एवं शुद्ध दुग्ध उत्पादन’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण 16 सितंबर को उत्सव गार्डन, धामनोद रोड, मंडलेश्वर के सभागृह में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के लगभग 93 दुग्ध उत्पादक किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में दुग्ध सहकारी संघ मर्यादित, खरगोन के नोडल अधिकारी डी.पी. त्यागी, सुपरवाइजर हर्ष पालीवाल, जिला संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओंकार यादव, पशु चिकित्सक ललित पाटीदार तथा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं के प्रबंधक सुनील पाटीदार एवं प्रभुजी यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओंकार यादव ने सहकारी संस्थाओं में सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सक्रिय सदस्य के रूप में संस्था की गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने तथा सहकारी संस्था के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।

मुख्य वक्ता नोडल अधिकारी श्री डी.पी. त्यागी ने स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के साथ दूध की मात्रा बढ़ाने, पशुओं की उचित देखभाल तथा उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्वच्छता और पशुपालन की बेहतर व्यवस्थाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

पशु चिकित्सक ललित पाटीदार ने शासन की प्रमुख ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए पशुओं की देखभाल, बीमारियों की रोकथाम एवं नस्ल सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी किसानों को दी। उन्होंने पशुधन के स्वास्थ्य और बेहतर रखरखाव को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के अंत में हर्ष पालीवाल ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने पशुधन का विशेष ध्यान रखते हुए पशुपालन को अतिरिक्त आय सृजन का प्रभावी माध्यम बनाने तथा नस्ल सुधार एवं पशु रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों को लेकर फीडबैक भी लिया गया।

शेयर करें