बड़ी खबरें
Trending

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से शुरू होगा सेवा-संकल्प अभियान : 17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम

Vishal Choyal

45 minutes ago 48 views
17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम

खरगोन। 14 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से मध्यप्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान का शुभारंभ होगा। अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में सेवा, सुशासन, जनसहभागिता और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘आशीर्वाद का दिया’ से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितम्बर को दीप प्रज्ज्वलन से होगी। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसमें प्रदेश के लाभार्थी परिवारों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इसी दिन सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत 19 से 26 सितम्बर तक जिलास्तर पर तथा 4 एवं 5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें शासकीय एवं निजी स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ गतिविधि 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसके अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।

आंगनवाड़ियों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम

‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ियों में होगा। बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल एवं पठन सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी।

हितग्राहियों के अनुभव साझा किए जाएंगे

‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा करते हुए उनके आभार संदेश जारी किए जाएंगे।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण तथा जिले में हुए विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

वहीं बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होगी, जो प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरेगी।

सेवा गतिविधियों के साथ लगेंगे शिविर

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं की सहभागिता से अलग-अलग सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इसी अवधि में ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर एवं नगरीय निकायों में जोनवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिलाया जाएगा।

छह शहरों में बनेगी ह्यूमन रंगोली

‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत 9 एवं 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ एवं अलीराजपुर में जनसहभागिता से ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया जाएगा।

12 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन 12 अक्टूबर को होगा। इसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स सहभागिता करेंगे।

वहीं ‘सुशासन सेवा संवाद’ का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के पंच एवं सरपंच शामिल होंगे।

‘25 साल-25 कहानियां’ में वितरित होंगी किट्स

अभियान के अंतर्गत ‘25 साल-25 कहानियां’ कार्यक्रम में सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों एवं प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केन्द्र सरकार से प्राप्त किट्स भेंट की जाएंगी।

इसके साथ ही ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज’ कार्यक्रम के तहत अन्य राज्यों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंसर्स प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे।

जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ेगा सेवा-संकल्प अभियान

सेवा-संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान प्रदेशभर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को सहभागी बनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा और विकास के कार्यों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

शेयर करें