बड़ी खबरें
Trending

बलवाड़ा में छह महीने से 108 एंबुलेंस का इंतजार : ग्रामीणों ने की सेवा बहाल करने की मांग

Vishal Choyal

18 hours ago 109 views
ग्रामीणों ने की सेवा बहाल करने की मांग

बलवाड़ा।18 सितंबर 2026। बलवाड़ा क्षेत्र में पिछले करीब छह महीनों से 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में 108 वाहन क्रमांक AP39WD9035 की सेवा लंबे समय से बंद होने की बात कही जा रही है।

एंबुलेंस सेवा बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा पूर्व में दो बार चक्काजाम किया जा चुका है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया तो आगे बढ़ती दिखाई देती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

अधिकारियों से चर्चा के बाद भी इंतजार

स्थानीय लोगों के अनुसार, एंबुलेंस सेवा को लेकर एसडीएम और एसडीओपी सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई थी। इस दौरान सेवा बहाल करने को लेकर आश्वासन भी मिला था। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी तक 108 एंबुलेंस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो सकी है।

हादसों और प्रसव के मामलों में होती है जरूरत

बलवाड़ा इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर स्थित होने के कारण यहां सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता रहती है। इसके अलावा स्थानीय शासकीय अस्पताल में गायनिक सुविधा उपलब्ध होने से प्रसव के मामले भी नियमित रूप से आते हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार प्रतिदिन करीब दो से चार प्रसव होते हैं। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर किए जाने की स्थिति में भी एंबुलेंस की जरूरत पड़ती है।

एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों के परिजनों को निजी वाहनों या अन्य साधनों से मरीज को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। इससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनिल कुमावत ने बताया कि 108 एंबुलेंस की आवश्यकता को लेकर उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर स्थित होने और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए बलवाड़ा में एंबुलेंस सेवा का नियमित रूप से उपलब्ध रहना आवश्यक है।

समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय संस्था ‘क्लब’ की ओर से भी इस संबंध में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जा चुका है। संस्था के अध्यक्ष जगदीश चौरसिया ने कहा कि यदि जल्द सेवा बहाल नहीं की गई तो संस्था द्वारा हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

मामले में खरगोन अंबे कंपनी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजवीर द्विवेदी से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा, “मुझे नहीं मालूम बलवाड़ा 108 कहां से चल रही है। मैं पता करके बताता हूं।”

अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की ओर है कि 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए क्षेत्र में नियमित आपातकालीन परिवहन सुविधा कब तक बहाल की जाती है।

शेयर करें