बड़ी खबरें
Trending

खरगोन में करोड़ों के विकास कार्यों को मंजूरी : सब्जी मंडी में 51 लाख से टीन शेड-प्लेटफार्म

Vishal Choyal

2 hours ago 37 views
सब्जी मंडी में 51 लाख से टीन शेड-प्लेटफार्म

खरगोन। 25 सितंबर 2026। नगरपालिका परिषद खरगोन का साधारण व्यापक सम्मेलन नगरपालिका सभाकक्ष में अध्यक्ष श्रीमती छाया अरुण जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। बैठक में नागरिक सुविधाओं और नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर कई कार्यों को स्वीकृति दी गई।

सब्जी मंडी परिसर में नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा के लिए टीन शेड एवं प्लेटफार्म निर्माण के लिए 51 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई।

इसके अलावा मांगरूल रोड पर बीटी रोड निर्माण के लिए 54 लाख रुपए से अधिक, जेसीबी मशीन मय ब्रेकर क्रय के लिए 58 लाख रुपए से अधिक तथा नगर के सभी वार्डों में डामर कारपेट कार्य के लिए ढाई करोड़ रुपए से अधिक की राशि मंजूर की गई। बिस्टान नाका तिराहा सौंदर्यीकरण के लिए 65 लाख रुपए स्वीकृत किए गए।

सनावद रोड पर 3 करोड़ से बनेगा सीमेंट-कांक्रीट रोड

सनावद रोड स्थित गायत्री मंदिर तिराहा से जिला चिकित्सालय तक डिवाइडर के दोनों ओर सीमेंट-कांक्रीट रोड निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। वहीं वार्ड क्रमांक 4 में नाला निर्माण के लिए 73 लाख रुपए से अधिक, वार्ड क्रमांक 6 में 92 लाख रुपए से अधिक तथा वार्ड क्रमांक 28 एवं 29 में नाला निर्माण के लिए 79 लाख रुपए से अधिक की राशि मंजूर की गई।

एसडीआरएफ योजना के अंतर्गत विष्णुपुरी कॉलोनी गेट से आरटीओ कार्यालय तक, उमरखली रोड से गौशाला मार्ग तालाब चौक तक दोनों ओर, बिस्टान रोड नहर के पास से शहनाई मैरिज गार्डन तक, बावड़ी बस स्टैंड से कुंदा नदी तट तक दोनों ओर, वैष्णवी कॉलोनी से सौमित्र नगर तक तथा मांगरूल रोड पर नाला निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।

सब्जी मंडी पार्क का नाम होगा बाबा साहेब अंबेडकर पार्क

सब्जी मंडी पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 8 फीट ऊंची नवीन प्रतिमा स्थापित करने और पार्क का नाम उनके नाम पर करने की स्वीकृति दी गई। प्रतिमा की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 3 में मास्टर प्लान के तहत कपास मंडी से मांगरूल रोड तक सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शासन स्तर से करवाने को मंजूरी दी गई। नगर के लिए दो शव वाहन क्रय करने तथा बस स्टैंड परिसर में निर्मित छत के ऊपर पत्रकार भवन निर्माण की भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सीएनजी प्लांट स्थापित करने, संतोषी माता जल यंत्रालय, कुंदा नदी किनारे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सोलर पैनल लगाने सहित अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा कर प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

शेयर करें