बड़ी खबरें
Trending

ओंकारेश्वर गौश्यामा तीर्थ में 27 सितंबर से : सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन

Vishal Choyal

2 hours ago 52 views
सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन

बड़वाह/मोरटक्का। 26 सितंबर 2026। माँ श्यामा देवी एवं पं. हरीश चौकड़े की पुण्य स्मृति में श्राद्ध पक्ष के पावन अवसर पर ओंकारेश्वर गौश्यामा तीर्थ (शिवकोठी) में 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन पितृ स्मरण, पितृमोक्ष एवं आध्यात्मिक चेतना के उद्देश्य से किया जा रहा है।

आयोजन श्री संत प्रमुख के आशीर्वाद एवं प.पू. महामंडलेश्वर श्री जनार्दनहरि महाराज (महाराष्ट्र) के सानिध्य में होगा। कथा वाचिका सुश्री देवी स्तुति चौकड़े (गौरी दीदी) भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म, कर्म एवं सनातन संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करेंगी।

आयोजक पं. गिरीश चौकड़े ने बताया कि नर्मदा तट स्थित ओंकारेश्वर-ममलेश्वर की पावन देवभूमि पर पितरों की प्रसन्नता, मोक्ष प्राप्ति एवं लोक कल्याण की भावना से यह आयोजन किया जा रहा है।

मूल परायण एवं लक्ष्मीनारायण महायज्ञ भी होगा

संयोजक पं. राजेश खेड़े ने बताया कि यज्ञाचार्य पं. संजय शर्मा, बड़वाह के मार्गदर्शन में श्री अष्टोत्तरशत् (108) श्रीमद्भागवत कथा मूल परायण एवं लक्ष्मीनारायण महायज्ञ होगा। मूल पाठ प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तथा दोपहर 12 से 3 बजे तक होगा। कथा के दौरान भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजकों ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा श्रवण का लाभ लेने का आग्रह किया है।

शेयर करें