बड़ी खबरें
Trending

‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा बड़वाह : 400 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन

Vishal Choyal

3 hours ago 71 views
400 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन

बड़वाह। 25 सितंबर 2026। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को बड़वाह नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गणेशोत्सव का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। सुबह से ही श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को जुलूस के रूप में नावघाट खेड़ी स्थित नर्मदा तट पर लेकर पहुंचे। ढोल-ढमाकों, भक्ति गीतों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच आरती कर बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई।

नर्मदा नदी में प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध के चलते प्रशासन एवं ग्राम पंचायत द्वारा तट पर दो कृत्रिम कुंड तैयार किए गए थे। इनमें शाम करीब साढ़े सात बजे तक नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई 400 से अधिक छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सुबह से देर शाम तक चला विसर्जन

विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक जारी रहा। नर्मदा के बढ़े जलस्तर को देखते हुए घाट पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर तैनात रहे। एसडीएम सत्यनारायण दर्रा, एसडीओपी अर्चना रावत, तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर एवं थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन के निर्देशन में व्यवस्थाएं संचालित की गईं।

ग्राम पंचायत नावघाट खेड़ी, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, नगर सुरक्षा समिति, पुलिस बल सहित पंचायत सचिव जगदीश सोनतले, रोजगार सहायक सुनील प्रजापति, पटवारी और कोटवार मौजूद रहे।

वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना

नगर की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों ने दोपहर बाद पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बप्पा को विदाई दी गई। इस दौरान मुख्य मार्गों से ढोल-ढमाकों के साथ चल समारोह निकाला गया, जिसमें महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। कई स्थानों पर चल समारोह का स्वागत किया गया और समिति सदस्यों ने गुलाल उड़ाकर उत्सव मनाया।

श्रद्धालुओं ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई देते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाए। इसी के साथ गणेशोत्सव का भक्तिमय समापन हुआ।

शेयर करें