बड़ी खबरें
Trending

गणेश उत्सव को लेकर बच्चों में उत्साह : मिट्टी से बनाई इको-फ्रेंडली गणेश

Vishal Choyal

3 hours ago 100 views
मिट्टी से बनाई इको-फ्रेंडली गणेश

पढ़ाली खुर्द/बड़वाह, दिनांक 12 सितंबर 2026। आगामी गणेश उत्सव को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में शनिवार को प्राथमिक विद्यालय पढ़ाली खुर्द में बालसभा के उपरांत विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। प्रधान पाठक लक्ष्मी झा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में बच्चों ने मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर एवं इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं बनाना सीखा।

कार्यशाला के दौरान बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से गणेश जी की मनमोहक मिट्टी की प्रतिमाएं तैयार कीं। बच्चों ने बताया कि वे गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने द्वारा बनाई गई इन प्रतिमाओं को घर ले जाकर स्थापित करेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।

छात्रा काजल जाधव, महिमा राठौर और बादल ने बताया कि स्कूल में गणपति बप्पा की प्रतिमा बनाना उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाली हानिकारक रसायनों एवं अन्य सामग्री से बनी मूर्तियों की जगह वे अपने हाथों से बनाई गई मिट्टी की प्रतिमाओं को घर में स्थापित करेंगे।

POP की मूर्तियों से पर्यावरण को होने वाले नुकसान की दी जानकारी

इस अवसर पर प्रधान पाठक लक्ष्मी झा ने कहा कि इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक कला का विकास करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) और रासायनिक पदार्थों से बनी मूर्तियां पर्यावरण एवं जलस्रोतों को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जबकि मिट्टी से बनी मूर्तियां प्रकृति के अनुकूल होती हैं। बच्चों को इसके महत्व से अवगत कराना ही इस गतिविधि का उद्देश्य है।

कार्यशाला के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। स्टाफ सदस्यों ने बच्चों की कला, रचनात्मकता और लगन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

शेयर करें