बड़ी खबरें
Trending

भैंसों के आगे न्याय की गुहार : पार्वती नदी में किसानों का जल सत्याग्रह तीसरे दिन भी जारी

Vishal Choyal

14 hours ago 81 views
पार्वती नदी में किसानों का जल सत्याग्रह तीसरे दिन भी जारी

सीहोर/शाजापुर। 24 सितंबर 2026। विद्युत मंडल की कथित लापरवाही और झूलती बिजली लाइनों की समस्या को लेकर सीहोर एवं शाजापुर जिले के किसानों का पार्वती नदी में जल सत्याग्रह तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने गहरे पानी में भैंसों को खड़ा कर उनके आगे नारे लगाए। किसानों ने कहा, “सरकार हमारी आवाज नहीं सुन रही, अब भैंसों के आगे अपनी आवाज सुना रहे हैं।”

किसानों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों और घरों के ऊपर 11 केवी एवं एलटी बिजली की लाइनें झूल रही हैं। इससे करंट की चपेट में आने से किसान घायल हुए हैं और कई स्थानों पर पशुओं की मौत भी हुई है। किसानों ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की शिकायत भी उठाई है।

किसानों के अनुसार, सीहोर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री श्यामपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर यह जल सत्याग्रह किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि झूलती विद्युत लाइनों से हुई मौतों, चोटों और पशुहानि के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पार्वती नदी में जल सत्याग्रह के दौरान भैंस के साथ पानी में खड़े किसान, हाथों में तख्तियां लेकर जताया विरोध

किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में सीहोर जिले के 25 से अधिक गांवों तथा शाजापुर जिले के कुछ गांवों के 500 से अधिक किसान पिछले करीब दो माह से अलग-अलग तरीकों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विद्युत मंडल के अधिकारियों, मानव अधिकार आयोग और महिला आयोग सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे हैं। इसके बावजूद उनकी प्रमुख मांग पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।

किसानों की मुख्य मांग है कि झूलती विद्युत लाइनों से हुई मौतों, चोटों और पशुहानि के मामलों में जिम्मेदार विद्युत मंडल के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

किसानों ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक जल सत्याग्रह एवं आंदोलन जारी रहेगा। पार्वती नदी में गहरे पानी के बीच चल रहा यह आंदोलन किसानों की समस्याओं पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की मांग कर रहा है।

वीडियो

शेयर करें