बड़ी खबरें
Trending

करड़ियाभील में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर : 100 से अधिक मरीजों का परीक्षण

Vishal Choyal

3 hours ago 81 views
100 से अधिक मरीजों का परीक्षण

सीहोर। 23 सितंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘एक सखा सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ सीहोर द्वारा ग्राम करड़ियाभील (नयापुरा) में निःशुल्क ‘एक सखा आरोग्य सेवा शिविर’ आयोजित किया गया। शिविर में गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 100 से अधिक मरीजों का पंजीयन कर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और उपचार किया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

शिविर में स्वास्तिक चाइल्ड एंड जनरल हॉस्पिटल, गंगा आश्रम सीहोर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मृणाल सिन्हा और उनकी टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

डॉ. मृणाल सिन्हा ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर आवश्यक जानकारी दी। वहीं, ब्लडलाइन लेबोरेटरीज की टीम ने मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांच भी निःशुल्क की।

शिविर में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

शिविर में स्वास्तिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मृणाल सिन्हा, नर्सिंग स्टाफ से स्वाति सेन, नीलम भावसार और अनीता, अस्पताल प्रबंधक राकेश कुकड़ा, ब्लडलाइन लेबोरेटरीज के प्रबंधक विकास मेवाड़ा तथा ‘एक सखा सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ के अध्यक्ष शुभम चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

स्वास्थ्य शिविर में सहयोगी संस्था के प्रतिनिधियों का सम्मान करते अतिथि

सहयोगी संस्थाओं का किया सम्मान

शिविर के आयोजन में सहयोग देने पर ‘एक सखा सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ की ओर से स्वास्तिक अस्पताल की मेडिकल टीम और ब्लडलाइन लेबोरेटरीज के प्रबंधकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पहली बार गांव में लगा स्वास्थ्य शिविर

ग्राम के युवाओं ने बताया कि गांव में इस तरह का स्वास्थ्य शिविर पहली बार आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने डॉक्टरों से अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं साझा कीं और उपचार व परामर्श का लाभ लिया। शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।

ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने का संकल्प

संस्था के अध्यक्ष शुभम चौरसिया एवं पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। संस्था द्वारा भविष्य में भी समाज के सहयोग से ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

शेयर करें