बड़ी खबरें
Trending

जिला जेल खरगोन में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गणेश उत्सव : बंदियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Vishal Choyal

1 hour ago 42 views
बंदियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

खरगोन। 22 सितंबर 2026। जिला जेल खरगोन में गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जेल अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और गणेश स्तोत्र के पाठ से हुआ। इसके बाद विधायक श्री पाटीदार ने महाआरती की। भगवान श्री गणेश को छप्पन भोग अर्पित कर जेल परिवार, बंदियों एवं उनके परिजनों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।

गणेश उत्सव के लिए जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महाआरती के बाद मराठी संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। महिला एवं पुरुष बंदियों तथा जेल कर्मचारियों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

खरगोन जिला जेल में गणेश उत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना करते विधायक बालकृष्ण पाटीदार

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे सिंह की भक्तिमय गीत ‘सत्यम्, शिवम्, सुंदरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति रही। विधायक श्री पाटीदार ने बंदियों एवं जेल कर्मचारियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम में बंदियों की सक्रिय सहभागिता ने सुधार, संस्कार, रचनात्मकता और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया। आयोजन के दौरान जेल परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और अंत में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से परिसर गूंज उठा।

शेयर करें